सांकेतिक तस्वीर 
कोलकाता सिटी

गंगासागर में भाजपा नेता को गोली मारने की घटना में एक गिरफ्तार

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : गंगसागर के भाजपा नेता त्रिलोकेश ढाली को गोली मारने की घटना के मामले में सुंदरवन पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम परितोष प्रमाणिक है। वह सागर के दक्षिण हाराधन इलाके का रहने वाला है। सुंदरवन पुलिस के उच्च अधिकारियों के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर सागर के खानसाहेबाबाद इलाके में एक ठिकाने से आरोपित परितोष को गिरफ्तार किया गया। उसे काकद्वीप महकमा अदालत में पेश किए जाने के बाद कोर्पट ने उसे पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस ने कचुबेरिया इलाके से इस घटना में इस्तेमाल किया गया स्कूटर भी बरामद कर लिया है। पुलिस का दावा है कि बकाया पैसे के लेनदेन को लेकर ही विवाद की शुरुआत हुई थी। गिरफ्तार परितोष से पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि उसने त्रिलोकेश की हत्या की योजना बनाकर सुपारी किलर को गोली मारने का काम सौंपा था। उस शूटर की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक बुधवार को घर के पास ही एक स्कूटर पर आये बदमाश ने त्रिलोकेश को लक्ष्य कर चार राउंड फायरिंग की थी। दो गोलियां निशाने से चूक गईं, जबकि एक गोली शरीर को छूते हुए निकल गई और एक गोली उनके सीने के दाहिने हिस्से में लगी। फिलहाल कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती में जहां ऑपरेशन कर उनके शरीर से गोली निकाल ली गई है। वहीं घायल भाजपा नेता के पुत्र त्रिदीव ढाली ने इस घटना को दूसरी दिशा में मोड़ने का आरोप लगाया है। सुंदरवन पुलिस के उच्च अधिकारी ने कहा कि इस मामले में आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।


SCROLL FOR NEXT