फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

रील बनाने की सनक! नाबालिग को हेलमेट पहनाकर किया टॉर्चर, फिर पेट्रोल डालकर लगाई आग

पूरी वारदात का वीडियो बनाने का आरोप, मुख्य आरोपी अर्घ्य समेत चार गिरफ्तार

Deepak Mishra

गरफा में दिल दहला देने वाली घटना से मचा हड़कंप

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सोशल मीडिया पर रील बनाने और गेम खेलने के नाम पर एक नाबालिग के साथ बर्बरता की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गरफा के नेलीनगर इलाके में कुछ युवकों और नाबालिगों पर एक किशोर को बेरहमी से प्रताड़ित करने और पेट्रोल डालकर आग लगाने का गंभीर आरोप लगा है। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपियों ने कथित तौर पर पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर रील को वायरल कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़ित नाबालिग नेलीनगर इलाके का रहने वाला है। आरोप है कि इलाके के कुछ युवक और नाबालिग उसे गेम खेलने के बहाने परेशान करने लगे थे। पहले उसके सिर पर हेलमेट पहनाया गया और आंखों पर पट्टी बांध दी गई। इसके बाद उसके सिर पर लगातार वार किए गए। बताया जा रहा है कि जब पीड़ित ने हेलमेट उतार दिया, तो आरोपी और भड़क गए।

पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप

आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने सजा देने के नाम पर बाइक से पेट्रोल निकाला और नाबालिग को जबरन पेट्रोल पिलाने की कोशिश की। विरोध करने पर कथित तौर पर उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इस पूरी घटना को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया गया। आरोप है कि बाद में इसी वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर रील बनाने की कोशिश की गई।

मुख्य आरोपी अर्घ्य समेत चार गिरफ्तार

घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। गरफा थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अर्घ्य समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो नाबालिग को भी पकड़ा गया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांचकर्ताओं की कोशिश है इस खौफनाक वारदात के पीछे असली वजह का पता लगाना। क्या सोशल मीडिया पर रील बनाने की सनक ने इस बर्बरता को जन्म दिया या इसके पीछे कोई दूसरी रंजिश थी? पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।


SCROLL FOR NEXT