फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

ज्यादा पैसे का लालच पड़ा भारी, 35 हजार लेकर फरार हुए ठग

करया थाने में दर्ज कराई गई शिकायत

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: कराया थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी बैंक की शाखा के बाहर अधिक नकदी देने का लालच देकर 35 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। घटना 28 जुलाई की दोपहर करीब 2.30 बजे की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता रोहित कारियावाला ने बताया कि उन्होंने अपने कर्मचारी राजेश अग्रवाल को एसबीआई की बालीगंज पार्क शाखा में 35 हजार रुपये जमा कराने भेजा था। उस समय बैंक में लंच ब्रेक होने के कारण कैश काउंटर बंद था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक राजेश के पास पहुंचे और बातचीत शुरू की। आरोप है कि उन्होंने राजेश को अधिक नकदी उपलब्ध कराने का लालच दिया और कहा कि यदि वह अपने पास रखी नकदी उन्हें दे दे, तो बदले में उसे अधिक रकम दी जाएगी। उनके झांसे में आकर राजेश ने 35 हजार रुपये आरोपियों को सौंप दिए। इसके बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गये। शिकायत के अनुसार, बैंक के सीसीटीवी फुटेज में राजेश दोनों आरोपियों के साथ बैंक से बाहर निकलते और सैयद अमीर अली एवेन्यू स्थित प्राइवेट बैंक की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT