सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : टॉलीगंज थाने की पुलिस ने रियल एस्टेट कारोबार के नाम पर एक व्यक्ति से 41 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में विकास जायसवाल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शनिवार को आरोपी को अलीपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 5 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
फर्जी दफ्तर खोलकर बिछाया ठगी का जाल
मामले की सुनवाई के दौरान सरकारी वकील विकास दास ने अदालत में पक्ष रखते हुए कहा कि आरोपी ने रीयल एस्टेट व्यवसाय के नाम पर एक फर्जी दफ्तर खोल रखा था। आरोपी पर आरोप है कि उसने फ्लैट देने का झांसा देकर एक खरीदार से 41 लाख रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली और उसके साथ ठगी की। दूसरे मामले से ''शो-अरेस्ट'' सरकारी वकील ने अदालत को यह भी जानकारी दी कि आरोपी को एक अन्य आपराधिक मामले के सिलसिले में इस नए मामले में ''शो-अरेस्ट'' किया गया है। मामले की गहराई से जांच और ठगी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों व पैसों की रिकवरी के लिए पुलिस ने आरोपी की कस्टडी की मांग की थी।