फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

पूर्व ड्राइवर पर सेक्स्टॉर्शन और अश्लील तस्वीरें वायरल करने का आरोप

विधाननगर साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: महानगर में पूर्व ड्राइवर एक महिला की निजी और मॉर्फ्ड अश्लील तस्वीरें उसके परिवार के सदस्यों और परिचितों को भेजकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। आरोपी की पहचान अमित कुमार राय के रूप में हुई है। केष्टोपुर निवासी 61 वर्षीय व्यक्ति की लिखित शिकायत के आधार पर विधाननगर साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया है।

क्या है पूरा मामला

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2022 में उन्होंने एक प्लेटफॉर्म के माध्यम से अमित कुमार राय को अपनी पत्नी और बेटी के लिए कैब चालक के रूप में नियुक्त किया था। धीरे-धीरे राय ने परिवार का विश्वास जीत लिया और नवंबर 2024 तक निजी कैब सेवा देता रहा। आरोप है कि परिवार के भरोसे का फायदा उठाते हुए राय ने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं और उसकी जानकारी एवं सहमति के बिना निजी और अंतरंग तस्वीरें तथा वीडियो हासिल कर उन्हें अपने पास सुरक्षित रख लिया। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2023 से आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से महिला को लगातार धमकाने और ब्लैकमेल करने लगा। वह कथित तौर पर निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर अपनी गैरकानूनी मांगें मनवाने का दबाव बनाता था। मामले ने 9 जुलाई को गंभीर रूप ले लिया, जब शिकायतकर्ता की बेटी के व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से उसकी मां की मॉर्फ्ड और अश्लील तस्वीरें भेजी गईं। पुलिस के अनुसार, यही तस्वीरें परिवार के अन्य सदस्यों और एक पारिवारिक मित्र को भी भेजी गईं, जिससे परिवार को बदनाम करने का प्रयास किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी की पत्नी भी कथित तौर पर इस उगाही के नेटवर्क में सक्रिय रूप से शामिल थी और कमजोर लोगों को निशाना बनाकर ब्लैकमेल करने में उसकी मदद करती थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अमित कुमार राय के खिलाफ इससे पहले भी 29 मई को नारकेलडांगा थाने में उगाही का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, उस मामले की जांच जारी रहने के बावजूद आरोपी कथित तौर पर पीड़ित परिवार का पीछा करता रहा और उन्हें लगातार धमकियां देता रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर अपराध शाखा आरोपी की गतिविधियों, इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों, डिजिटल साक्ष्यों और कथित रूप से प्रसारित की गई तस्वीरों के स्रोत की जांच कर रही है।


SCROLL FOR NEXT