कोलकाता : कोलकाता नगर निगम के एक और पूर्व तृणमूल कांग्रेस पार्षद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम तारकेश्वर चक्रवर्ती है। उनके खिलाफ रंगदारी वसूलने, छेड़छाड़ का प्रयास करने, मारपीट और अवैध रूप से भेरी कब्जा करने समेत कई गंभीर आरोप लगे हैं। शुक्रवार देर रात सर्वे पार्क थाने की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
क्या है मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तारकेश्वर चक्रवर्ती कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 104 के पूर्व पार्षद थे। इसके साथ ही वे केएमसी के बोरो-11 के चेयरमैन पद पर भी रह चुके हैं। आरोप है कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान उन्होंने इलाके में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को अंजाम दिया था। तारकेश्वर चक्रवर्ती के खिलाफ सर्वे पार्क थाने में छेड़छाड़ का प्रयास, मारपीट, बंधक बनाकर रखने, डराने-धमकाने, रंगदारी और जबरन भेरी कब्जा करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूर्व पार्षद और उनके करीबियों ने साजिश रचकर, योजनाबद्ध तरीके से रंगदारी वसूली और भेरियों पर कब्जा कर मोटी रकम हड़पी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस पूरे सिंडिकेट और साजिश में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन पूर्व पार्षद की संपत्तियों पर भी नजर रख रहा है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या उन्होंने इस अवैध कमाई से कहीं कोई बेनामी संपत्ति तो नहीं बनाई है।