विश्वरूप डे 
कोलकाता सिटी

तारातला हादसे के बाद पूर्व पार्षद विश्वरूप डे ने छोड़ी तृणमूल

गोदाम हादसे पर पार्टी से जताई नाराजगी

कोलकाता : तारातला गोदाम हादसे के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 48 के पूर्व पार्षद विश्वरूप डे ने पार्टी से सभी संबंध तोड़ने की घोषणा कर दी है। उनके इस फैसले ने राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।

मीडिया से बातचीत में विश्वरूप डे ने कहा कि लगातार विभिन्न घटनाओं में तृणमूल नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं, जिसे अब स्वीकार करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि त्रुटिपूर्ण और अवैध नक्शे को मंजूरी दी जाने की कीमत निर्दोष लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

उनका कहना था कि जब स्वयं मुख्यमंत्री विधानसभा में लापरवाही का जिक्र कर रहे हैं, तब चुप रहना संभव नहीं है। गौरतलब है कि गुरुवार की शाम तक विश्वरूप डे तृणमूल की एक कार्यकर्ता सभा में मौजूद थे, लेकिन कुछ ही घंटों बाद वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम में भ्रष्टाचार के मुद्दों पर खुलकर बोलने का माहौल नहीं था। फिलहाल उन्होंने किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने से इनकार किया है।

SCROLL FOR NEXT