14 करोड़ से अधिक का माल जब्त 
कोलकाता सिटी

विदेशी सोना तस्करी और अवैध गोल्ड मेल्टिंग गिरोह का भंडाफोड़

14 करोड़ से अधिक का माल जब्त

कोलकाता : राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने दिल्ली और कोलकाता में सक्रिय एक संगठित सोना तस्करी और अवैध रूप से सोना गलाने वाले सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सोना, चांदी और भारतीय मुद्रा समेत 14 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति जब्त की है। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार, अभियान में 8 किलोग्राम से अधिक विदेशी चिह्न वाला सोना, जिसकी कीमत 13 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है, बरामद हुआ। इसके अलावा करीब 7 किलोग्राम चांदी, जिसकी कीमत 19 लाख रुपये से अधिक है, तथा 51 लाख रुपये से ज्यादा की भारतीय मुद्रा भी जब्त की गई।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्री पकड़ा गया

DRI अधिकारियों ने कार्रवाई की शुरुआत नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर की। टीम ने ट्रेन से कोलकाता से दिल्ली पहुंचे एक यात्री को रोका। उसके पास विदेशी निशान वाला सोना था, जिसे स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति को सौंपा जाना था।

पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर DRI ने दिल्ली में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान अधिकारियों को एक अवैध गोल्ड मेल्टिंग यूनिट का पता चला। जांच में सामने आया कि इस ठिकाने का इस्तेमाल विदेशी मूल के सोने की पहचान मिटाने यानी उसे डिफेस (Deface) करने के लिए किया जाता था।

कोलकाता में मिला सिंडिकेट का मास्टरमाइंड

जांच आगे बढ़ने पर DRI की टीम कोलकाता पहुंची। अधिकारियों ने यहां गिरोह के मुख्य संचालक (मास्टरमाइंड) का पता लगाया। वह भी एक अन्य अवैध सोना गलाने वाली इकाई से जुड़ा पाया गया।

तलाशी के दौरान वहां से विदेशी मूल के सोने को डिफेस किए जाने के और सबूत तथा अन्य सोना बरामद किया गया। DRI के मुताबिक, विदेशी चिह्न वाले सोने की पहचान और मूल स्रोत छिपाने के बाद उसे स्थानीय बुलियन मार्केट में खपाने की तैयारी की जाती थी।

पूरे नेटवर्क में सोने की तस्करी, उसकी पहचान मिटाने और फिर बाजार में उसे खपाने की कड़ी सामने आई है। DRI अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों, सोने की तस्करी के स्रोत और उसके अंतिम खरीदारों का पता लगाने में जुटी है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT