फा‌इल फोटो 
कोलकाता सिटी

कोलकाता आर्म्ड पुलिस के तालाब से लाखों की मछली चोरी, पानी में घोला जहर

काशीपुर थाना में मामला दर्ज

Deepak Mishra

कोलकाता : कोलकाता पुलिस के काशीपुर थाना क्षेत्र स्थित बी.टी. रोड स्थित कोलकाता आर्म्ड पुलिस की द्वितीय बटालियन के परिसर में अवैध रूप से घुसपैठ कर तालाब से बड़ी मात्रा में मछलियां चुराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अभियुक्त ने तालाब के पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पूरे इकोसिस्टम को तबाह कर दिया है। कोलकाता आर्म्ड पुलिस की द्वितीय बटालियन के बिल्डिंग सेक्शन के ओसी पार्थ सारथी मंडल की शिकायत पर काशीपुर पुलिस स्टेशन में अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 173 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

तालाब के पास मिले कीटनाशक के खाली डिब्बे

पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, 9 सितंबर 2026 या उससे पहले कुछ अज्ञात बदमाशों ने कोलकाता आर्म्ड पुलिस (2nd & 8th बटालियन) के नियंत्रण वाले इस सरकारी परिसर में अनधिकृत रूप से प्रवेश किया। आरोपियों ने वाहनों और उपकरणों की मदद से तालाब से भारी मात्रा में विभिन्न प्रजातियों की मछलियां निकाल लीं। चोरी के बाद उन्होंने तालाब के पानी में ''साइपरमेथ्रिन'' आधारित घातक कीटनाशक मिला दिया, जिससे तालाब की बची हुई मछलियां और अन्य जलीय जीव मर गए। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को तालाब के पास से कीटनाशक के कई खाली डिब्बे बरामद हुए हैं।

पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा

शिकायत में कहा गया है कि तालाब का पानी और आसपास का क्षेत्र इंसानों, पक्षियों और जानवरों द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। पानी में विषैला पदार्थ मिलाए जाने से मानव स्वास्थ्य और जीव-जंतुओं के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है। सड़ी-गली मछलियों और जैविक कचरे के कारण पूरे परिसर में असहनीय बदबू फैल गई है, जिससे जनस्वास्थ्य और स्वच्छता की समस्या खड़ी हो गई है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

यह पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध वाहनों, आरोपियों की पहचान और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

SCROLL FOR NEXT