शहीद मीनार 
कोलकाता सिटी

शहीद मीनार में 2 नवंबर से सजेगा पटाखा बाजार, 40 स्टॉल लगाने की तैयारी

एक-दो दिन बढ़ सकती है बाजार की अवधि, दमकल विभाग की जांच के बाद मिलेगी अंतिम मंजूरी

Paresnjitt

कोलकाता : कालीपूजा के अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी शहीद मीनार मैदान में पटाखा बाजार सजने जा रहा है। आगामी 2 नवंबर से 8 नवंबर तक बाजार लगाया जाएगा। हालांकि, परिस्थितियां अनुकूल रहने पर बाजार की अवधि एक-दो दिन और बढ़ाई जा सकती है। यह जानकारी बड़ाबाजार फायरवर्क्स डीलर्स एसोसिएशन के सचिव चित्तरंजन माइती ने दी। उन्होंने बताया कि बाजार लगाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस वर्ष करीब 40 स्टॉल लगाने की अनुमति प्रशासन की ओर से दी गई है। बाजार में सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चित्तरंजन माइती ने बताया कि शुक्रवार को कोलकाता पुलिस और दमकल विभाग की ओर से बाजार परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया जाना था, लेकिन दमकल विभाग के अधिकारियों के नहीं पहुंचने के कारण यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। हालांकि, कोलकाता पुलिस के अधिकारियों ने बाजार परिसर का प्रारंभिक निरीक्षण किया है। अब दमकल विभाग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य जरूरी पहलुओं की जांच की जाएगी। इसके बाद ही बाजार को अंतिम मंजूरी मिलेगी।

SCROLL FOR NEXT