कोलकाता : दुर्गा पूजा से पहले पश्चिम बंगाल अग्निशमन विभाग ने कोलकाता और आसपास के इलाकों में स्थित शॉपिंग मॉल्स की फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है। पूजा के दौरान मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विभाग ने विशेष सुरक्षा अभियान चलाया है।
बुधवार को अधिकारियों की टीम ने South City Mall, Mani Square और Westside Mall समेत कई प्रमुख मॉलों का निरीक्षण किया। इसके अलावा शहर के बाहरी इलाकों और मध्यग्राम में भी कई मॉल्स की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट किया गया।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ बढ़ने को देखते हुए मॉल्स की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर, अन्य अग्निशमन उपकरण और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की स्थिति देखी गई। यह भी जांचा गया कि सभी उपकरण चालू हालत में हैं और उनकी वैधता अवधि समाप्त तो नहीं हुई है।
फूड कोर्ट और बार पर विशेष नजर
जांच के दौरान मॉल्स के फूड कोर्ट और बार में मौजूद अग्नि सुरक्षा इंतजामों पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने स्वीकृत बिल्डिंग प्लान का भी मिलान किया और यह देखा कि इमरजेंसी एग्जिट और इवैक्युएशन रूट पर्याप्त, सुलभ और आपात स्थिति में इस्तेमाल के योग्य हैं या नहीं।