महानगर के एक इमारत में फायर सेफ्टी ऑडिट करते दमकल अधिकारी 
कोलकाता सिटी

दुर्गापूजा से पहले शॉपिंग मॉल में फायर सेफ्टी ऑडिट

दमकल-पुलिस का एक साथ अभियान

कोलकाता से सिलीगुड़ी तक 29 मॉल के होंगे ऑडिट

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दुर्गापूजा से पहले शॉपिंग मॉल में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए दमकल विभाग और पुलिस ने बुधवार से राज्यभर में फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान शुरू कर दिया। पहले चरण में कोलकाता के साउथ सिटी मॉल, मणि स्क्वायर और पार्क स्ट्रीट स्थित पताका हाउस समेत हावड़ा और उत्तर कोलकाता के कई शॉपिंग मॉल में जांच की गई। सूत्रों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में सिलीगुड़ी से लेकर कोलकाता और राज्य के कई जिला शहरों तक कुल 29 शॉपिंग मॉल में फायर सेफ्टी ऑडिट किया जाएगा। दमकल विभाग ने इसके लिए 16 सितंबर तक का कार्यक्रम तैयार किया है। बुधवार दोपहर के बाद दमकल अधिकारियों की टीम ने दक्षिण कोलकाता के साउथ सिटी मॉल, पार्क स्ट्रीट के पताका हाउस और ईएम बाईपास स्थित मणि स्क्वायर में सुरक्षा इंतजामों की जांच की। इसके अलावा हावड़ा के शिवपुर स्थित अवनी रिवरसाइड मॉल, उत्तर कोलकाता के नागेरबाजार और मध्यमग्राम के एक-एक मॉल में भी पुलिस और दमकल की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया।

इमरजेंसी एग्जिट से फायर अलार्म तक जांच

दमकल अधिकारियों के मुताबिक दुर्गापूजा में अभी करीब पांच सप्ताह का समय है, लेकिन उससे पहले ही शॉपिंग मॉल और वहां मौजूद रेस्तरां व फूड कोर्ट में भीड़ बढ़ने लगती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अभी से अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। ऑडिट के दौरान मॉल के फायर लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज, आपातकालीन सीढ़ियों की स्थिति, बाहर निकलने के रास्तों की संख्या और उनकी पहुंच की जांच की जा रही है। इसके साथ ही फायर अलार्म सही तरीके से काम कर रहा है या नहीं, इसका भी परीक्षण किया जा रहा है। रेस्तरां और फूड कोर्ट की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की स्थिति, उनकी वैधता, अन्य अग्निशमन उपकरणों और मॉल में उपलब्ध पानी के भंडार की भी जांच की।

कर्मचारियों की ट्रेनिंग पर भी नजर

दमकल अधिकारियों ने मॉल के प्रबंधकों और अन्य अधिकारियों से बातचीत कर यह जानकारी भी ली कि कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए किस तरह का प्रशिक्षण दिया गया है। मॉल में नियमित रूप से फायर मॉक ड्रिल कराई जाती है या नहीं, इसकी भी जानकारी ली गई। दमकल और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। गुरुवार को भी कोलकाता समेत राज्य के नौ शॉपिंग मॉल में फायर ऑडिट किए जाने की संभावना है। इनमें कैमक स्ट्रीट के दो, बेहला का एक, कांकुड़गाछी का एक, सॉल्टलेक और राजारहाट के दो, हावड़ा के बेलूर का एक, सिलीगुड़ी और दुर्गापुर का एक-एक मॉल शामिल है।

होटल में आग के बाद बढ़ी सतर्कता

न्यू मार्केट के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने फायर सेफ्टी को लेकर विशेष अभियान शुरू किया था। इसके लिए विशेष टीम गठित कर होटल, रेस्तरां और गेस्ट हाउसों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई थी। इसकी रिपोर्ट नवान्न में जमा होने के बाद शहर के 919 होटल और गेस्ट हाउस के लाइसेंस रद्द किए गए थे। इसी क्रम में अब दमकल और पुलिस ने शॉपिंग मॉल को भी जांच के दायरे में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूजा के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए मॉल में किसी भी आपात स्थिति से निपटने और लोगों की सुरक्षित निकासी की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करना जरूरी है।


SCROLL FOR NEXT