कोलकाता: सॉल्टलेक के करुणामयी स्थित आनंदलोक अस्पताल में मंगलवार सुबह भयावह आग लग गयी। अस्पताल की दूसरी मंजिल पर स्थित 'कैथलैब' में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ऑपरेशन थिएटर में चल रही सर्जरी को बीच में ही रोकना पड़ा। डॉक्टरों और नर्सों को गंभीर स्थिति में मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर पर लेकर बाहर भागना पड़ा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
सर्जरी के बीच बजा फायर अलार्म
हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। उस समय अस्पताल में कई सर्जरी चल रही थीं। एक डॉक्टर ने बताया, ‘आज 13 सर्जरी होनी थीं। हम छठी सर्जरी पूरी ही कर रहे थे कि तभी फायर अलार्म बज उठा। जब हम तीसरी मंजिल के ओटी से बाहर आए, तो देखा कि नीचे की मंजिल से काला धुआं ऊपर आ रहा है। हमने तुरंत सभी मरीजों को बाहर निकाला।’
धुएं से घिरे गलियारे, शीशे तोड़कर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शी अस्पताल कर्मी डॉली राय ने बताया कि आग की लपटें खिड़की से बाहर दिख रही थीं। धुएं के कारण गलियारों में अंधेरा छा गया था। अस्पताल के कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए ताकि धुआं बाहर निकल सके। दमकल की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया और आग पर काबू पाया।
अस्पताल प्रबंधन का दावा: 'फायर ड्रिल' आई काम
अस्पताल की सचिव संयुक्ता झाझरिया ने कहा, "हमारे पास लगभग 50 इन-हाउस मरीज थे और 70 लोग ओपीडी में थे। हमारा फायर फाइटिंग सिस्टम सक्रिय था और नियमित रूप से होने वाली 'फायर ड्रिल' के कारण हमारे सुरक्षाकर्मियों ने सभी को सुरक्षित पीछे वाली एनेक्सी बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया।" हालांकि, कुछ अधिकारियों का आरोप है कि दमकल के पहुंचने से पहले अस्पताल कर्मियों ने खुद ही जोखिम उठाकर मरीजों को बाहर निकाला।
अपनों की सलामती देख छलके आंसू
अस्पताल के बाहर सड़क पर मरीजों और उनके परिजनों का जमावड़ा लग गया। सोदपुर की रहने वाली सोनाली मित्रा ने बताया, ‘मेरी बेटी अस्पताल में भर्ती थी। उसने फोन पर आग की जानकारी दी। उसे व्हीलचेयर पर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, वह डरी हुई है लेकिन सुरक्षित है।’ वहीं, ओपीडी में आई सुष्मिता भंडारी ने कहा कि पल भर में सब कुछ सामान्य से दहशत में बदल गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच के अनुसार, कैथलैब या ओटी के एयर-कंडीशनिंग सिस्टम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने पास के पर्दे को पकड़ लिया और कमरे में फैल गई। गनीमत यह रही कि आग एक ही कमरे तक सीमित रही। पुलिस ने पुष्टि की है कि पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है। फॉरेंसिक जांच और दमकल विभाग की 'क्लीयरेंस' मिलने तक अस्पताल की मुख्य बिल्डिंग को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।