तिरहट्टी बाजार के एक गोदाम से निकलती आग की लपटें 
कोलकाता सिटी

तिरहट्टी बाजार के गोदाम में लगी आग

कोलकाता : बहूबाजार थानांतर्गत तिरहट्टी बाजार में बुधवार की रात अचानक भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:05 बजे पोद्दार कोर्ट के ठीक विपरीत स्थित तिरहट्टी बाजार की तिसरी मंजिल पर स्थित एक इलेक्ट्रिकल सामानों के गोदाम से आग की शुरुआत हुई। स्थानीय दुकानदार मनोज सिंह ने बताया कि दुकान की खिड़की से आग की लपटें और काला धुआं उठते देखा गया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दमकल के सात इंजनों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। दमकल अधिकारियों के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्रियां जैसे तार, सर्किट बोर्ड आदि होने के कारण आग ने तेजी से आसपास की कुछ अन्य दुकानों व गोदामों को भी अपनी चपेट में ले लिया। बाजार परिसर में मौजूद दुकानदारों ने भी फायर एक्सटिंग्विशर व अन्य उपकरणों की मदद से आग बुझाने में दमकल कर्मियों की मदद की, हालांकि, आग की भयावहता के सामने ये प्रयास नाकाफी साबित हुए। दमकल विभाग की टीमों ने देर रात तक राहत व बचाव अभियान जारी रखा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। गौरतलब है कि तिरहट्टी बाजार महानगर के प्रमुख इलेक्ट्रिकल उपकरणों के थोक व खुदरा व्यापारिक केंद्रों में से एक है। दमकल विभाग ने घटना में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक होने की आशंका है।

SCROLL FOR NEXT