कोलकाता : जोड़ासांको थानांतर्गत मछुआ बाजार में स्थित होटल ऋतुराज में भयावह आग लग गयी। आग के कारण होटल में ठहरे कई लोग वहां फंस गये। जान बचाने के लिए कई लोगों ने मकान की छत तो कई लोगों ने खिड़की के बाहर छज्जे पर शरण लगी। इस दौरान आग से डरकर एक व्यक्ति ने होटल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उद्धार कर अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का नाम मनोज पासवान (40) है। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर मेयर फिरहाद हकीम और कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा पहुंचे। इस दौरान दमकल और डीएमजी कर्मियों ने करीब 8 लोगों को मकान की खिड़कियों के छज्जे से उद्धार किया। इसके अलावा हाइड्रोलिक लैडर की सहायता से मकान की छत पर फंसे कई महिला और पुरुषों को भी उद्धार किया गया। इस दौरान वहां पर एसी में लगातर विस्फोट हो रहा था।