सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : इंडिगो ने मंगलवार रात कोलकाता एयरपोर्ट पर हुई एक घटना के बाद कैटरिंग कंपनी के सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सुपरवाइजर वाहन से उतरते समय हैंड ब्रेक लगाना भूल गया, जिसके कारण वाहन न्यूट्रल में होने से खुद ही आगे बढ़ गया और बे-51 पर खड़े A-320 विमान के दाहिने इंजन एग्जॉस्ट से टकरा गया। प्रारंभिक जांच में एयरपोर्ट ऑपरेटर और एयरलाइन ने पाया कि यह हादसा सुपरवाइजर की लापरवाही के कारण हुआ। ओबेराय फ्लाइट सर्विसेस के सुपरवाइजर ने SOP का पालन नहीं किया और बिना हैंड ब्रेक लगाए वाहन से उतर गया।
अधिकारियों के मुताबिक, एप्रन का ढलान हल्का होने के कारण नुकसान ज्यादा नहीं हुआ। विमान की जांच में भी केवल मामूली क्षति पाई गई है और उम्मीद है कि विमान बुधवार रात या गुरुवार तक फिर से उड़ान के लिए तैयार हो जाएगा। सुपरवाइजर पिछले 20 वर्षों से काम कर रहा है और घटना के तुरंत बाद उसका ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया गया, जिसमें वह साफ पाया गया। अधिकारियों का मानना है कि ज्यादा आत्मविश्वास के कारण यह गलती हुई। इस घटना के बाद कोलकाता एयरपोर्ट प्रशासन ने सभी एयरलाइंस को सतर्क रहने और कैटरिंग से लेकर लगेज ट्रैक्टर तक सभी सेवा प्रदाताओं को एप्रन नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी एयरपोर्ट पर इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें खराब मौसम या लापरवाही के कारण विमानों को नुकसान पहुंचा है।