कोलकाता : राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ एक विवादित चुनावी बयान को लेकर कोलकाता के हेयर स्ट्रीट थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई एक नागरिक की लिखित शिकायत के आधार पर की है। उन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत सामाजिक वैमनस्य फैलाने, उकसाने तथा शांति व्यवस्था प्रभावित करने से संबंधित आरोप लगाए गए हैं।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, नेताजी सुभाष चंद्र बोस रोड निवासी तुषारकांति दास ने गत 20 मई को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी ने एक विशेष समुदाय के संदर्भ में टिप्पणी की थी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विवाद शुरू हो गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त टिप्पणी से समाज में सांप्रदायिक तनाव बढ़ने की आशंका उत्पन्न हुई। शिकायत में कहा गया है कि भले ही बयान में किसी समुदाय का प्रत्यक्ष उल्लेख नहीं किया गया हो, लेकिन उसके निहितार्थ सामाजिक सौहार्द के लिए हानिकारक हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के बाद कुछ क्षेत्रों में हुई हिंसक घटनाओं और तनावपूर्ण माहौल के पीछे इस प्रकार की टिप्पणियों की भूमिका रही है। संविधान और आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए शिकायत में दावा किया गया है कि संबंधित बयान समाज में भय, भ्रम और वैमनस्य का वातावरण पैदा कर सकता है तथा विभिन्न समुदायों के बीच सद्भाव को प्रभावित कर सकता है। साथ ही इसे चुनावी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन भी बताया गया है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा है कि इस प्रकार के बयानों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।