फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

फिल्म में निवेश के नाम पर 1.05 करोड़ की धोखाधड़ी

अभिनेता व पूर्व विधायक सोहम चक्रवर्ती के खिलाफ चारू मार्केट थाना में मामला दर्ज

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : अभिनेता और पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक सोहम चक्रवर्ती के खिलाफ 1.05 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। आरोप है कि फिल्म में निवेश के नाम पर अभिनेता और उनकी कंपनी ने व्यक्ति से धोखाधड़ी की है। घटना को लेकर चारू मार्केट थाने में एफआईआर दर्ज करायी गयी है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, कौशिक कर्मकार ने अपनी शिकायत में बताया है कि सोहम और उनकी कंपनी ने एक फिल्म के निर्माण को पूरा करने के लिए अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता बताकर उनकी फर्म को निवेश के लिए प्रेरित किया था। शिकायतकर्ता कौशिक कर्मकार ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2022 के मध्य में सोहम की कंपनी के प्रतिनिधियों ने उसकी कंपनी से संपर्क किया और स्वयं को फिल्मों तथा वेब सीरीज के निर्माता के रूप में परिचित कराया। उन्होंने सोहम चक्रवर्ती की लोकप्रियता और फिल्म उद्योग में उनकी पहचान का हवाला देते हुए बताया कि परियोजना को पूरा करने के लिए पूंजी की कमी है। इसके लिए उन्होंने उनसे 80 लाख रुपये के निवेश करने को कहा। कर्मकार के अनुसार, उनकी फर्म शुरुआत में इतनी बड़ी राशि निवेश करने को लेकर अनिच्छुक थी। हालांकि, बाद में सोहम चक्रवर्ती स्वयं उनके कार्यालय पहुंचे और फिल्म परियोजना में निवेश करने के लिए उन्हें राजी किया। इसके बाद उनकी कंपनी ने 80 लाख रुपये का निवेश किया। शिकायत में आगे दावा किया गया है कि रुपये मिलने के बावजूद फिल्म नहीं बनायी गयी। इसके बाद सोहम की कंपनी ने अतिरिक्त 25 लाख रुपये की मांग की, जिसे कंपनी ने उपलब्ध करा दिया। जांच में पता चला कि बाद में सोहम की कंपनी ने कौशिक को 10 लाख रुपये लौटाये भी थे। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT