‘त्योहार का बाजार’ 
कोलकाता सिटी

विधान गार्डेन में सजा त्योहार का बाजार

राखी और सावन की खरीदारी के साथ भजन, फैशन शो और स्वादिष्ट व्यंजनों का संगम

कोलकाता : सावन और रक्षा बंधन के आगमन के साथ ही शहर में त्योहारों की रौनक बढ़ने लगी है। इसी क्रम में कोलकाता के विधान गार्डेन में शुक्रवार से बहुप्रतीक्षित ‘त्योहार का बाजार’ का शुभारंभ हुआ। यह विशेष उत्सव 2 अगस्त तक जारी रहेगा, जहां खरीदारी के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम का उद्घाटन कोलकाता थंडर वोल्ट के पवन पाटोदिया, एचआरडी के सीईओ सिद्धार्थ पाण्डेय तथा मंजुला गर्ग ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग, उद्यमी और महिलाएं उपस्थित रहीं।

मेले में लगाए गए 50 से अधिक स्टॉल

कार्यक्रम की संयोजक रचना अग्रवाल और शिविका कायां ने बताया कि इस वर्ष मेले में 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर राखी, परिधान, आभूषण, गृह सज्जा की वस्तुएं, हस्तशिल्प, उपहार सामग्री, पूजा सामग्री, लाइफस्टाइल उत्पाद तथा विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए इस आयोजन को विशेष रूप दिया गया है, ताकि लोग एक ही स्थान पर अपनी सभी खरीदारी कर सकें। उन्होंने बताया कि इस बार बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों ने भी अपने उत्पादों के साथ भागीदारी की है।

इससे उन्हें अपने व्यवसाय को बढ़ावा देने का अवसर मिलने के साथ-साथ ग्राहकों को भी विविधता से भरपूर उत्पाद मिल रहे हैं। रक्षा बंधन और सावन के कारण बाजार में पहले ही दिन अच्छी भीड़ उमड़ी।

लोगों ने उठाया अवकाश का लाभ

सप्ताहांत और अवकाश का लाभ उठाते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों से लोग परिवार सहित मेले में पहुंचे। महिलाओं और युवाओं में खरीदारी को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। आयोजकों का कहना है कि अगले दो दिनों में लोगों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

पारिवारिक मनोरंजन का बना केंद्र

मेले को केवल खरीदारी तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे पारिवारिक मनोरंजन का भी केंद्र बनाया गया है। शुक्रवार शाम आयोजित भजन कार्यक्रम में आलोक डागा और मानवी डागा ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं और दर्शकों का मन मोह लिया।

भक्ति संगीत के इस आयोजन को लोगों ने खूब सराहा। इसके अलावा मेले के दौरान फैशन शो, विभिन्न प्रतियोगिताएं, मनोरंजक गतिविधियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जा रही हैं, जिससे हर आयु वर्ग के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

SCROLL FOR NEXT