Desun Hospital 
कोलकाता सिटी

महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य के लिए पूर्वी भारत में पहला विशेष उत्कृष्टता केंद्र ‘फेमोरा’ शुरू

फाइब्रॉइड और एंडोमेट्रियोसिस के निदान एवं उपचार पर विशेष जोर, गर्भाशय और प्रजनन क्षमता के संरक्षण को मिलेगी प्राथमिकता

Ravi

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से डेसन अस्पताल ने शुक्रवार को कोलकाता प्रेस क्लब में पूर्वी भारत का पहला समर्पित उत्कृष्टता केंद्र ‘फेमोरा’ (FEMORA) शुरू किया। यह केंद्र गर्भाशय में फाइब्रॉइड और एंडोमेट्रियोसिस के निदान, उपचार और दीर्घकालिक देखभाल पर विशेष ध्यान देगा।

उद्घाटन अवसर पर अस्पताल के ग्रुप डायरेक्टर डॉ. सौमित्र भारद्वाज और रिप्रोडक्टिव मेडिसिन एंड सर्जरी के मानद निदेशक डॉ. सुदीप बसु सहित कई विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

डॉ. भारद्वाज ने कहा कि दर्दनाक माहवारी, अत्यधिक रक्तस्राव और पेट के निचले हिस्से में लगातार दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। वहीं, डॉ. बसु ने बताया कि प्रत्येक मरीज की जरूरत और भविष्य की पारिवारिक योजनाओं के अनुसार व्यक्तिगत उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

केंद्र में स्त्री रोग विशेषज्ञों, सर्जनों, रेडियोलॉजिस्ट और फर्टिलिटी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम काम करेगी। न्यूनतम चीर-फाड़ वाली प्रक्रियाओं और रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक तकनीकों का भी इस्तेमाल होगा। चिकित्सकीय रूप से संभव मामलों में गर्भाशय और प्रजनन क्षमता के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।

अस्पताल के चेयरमैन सजल दत्ता के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य महिलाओं में जागरूकता बढ़ाना और उन्हें समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

SCROLL FOR NEXT