कोलकाता : करया थाना क्षेत्र में एक शिक्षिका ने अपने ही एक पूर्व छात्र के खिलाफ साइबर उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और चरित्र हनन की गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि आरोपित छात्र कृष्णेंदु बनर्जी अलग-अलग इंस्टाग्राम अकाउंट्स के जरिए शिक्षिका, उनके परिवार और सहकर्मियों को अभद्र संदेश भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है।
सोशल मीडिया पर फैला रहा है गंदगी
शिकायत के अनुसार, आरोपित ने न केवल शिक्षिका को निशाना बनाया, बल्कि उनके दोस्तों और सहकर्मियों को भी आपत्तिजनक संदेश भेजे। शिक्षिका ने बताया कि आरोपित पहले उनका छात्र रह चुका है। शुरुआत में उन्होंने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब आरोपित ने उनके परिचितों को परेशान करना शुरू किया, तो मामला बर्दाश्त से बाहर हो गया। आरोपित इंस्टाग्राम और लिंक्डइन जैसे प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर शिक्षिका की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने आरोपित को कई बार ब्लॉक किया, लेकिन वह हर बार नये अकाउंट बनाकर वापस आ जाता है। हद तो तब हो गई जब आरोपित ने अपने दोस्तों के माध्यम से संदेश भिजवाना शुरू किया। आरोपित अब धमकी दे रहा है कि यदि उसे अनब्लॉक नहीं किया गया, तो वह आत्महत्या कर लेगा। इस तरह की भावनात्मक ब्लैकमेलिंग से शिक्षिका और उनका परिवार गहरे तनाव में हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।