कोलकाता: वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कुसुम खेमानी के 82वें जन्मदिन के अवसर पर कोलकाता सिख नारी मंच और भारतीय भाषा परिषद के संयुक्त तत्वावधान में भाषा परिषद सभागार में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सरदार रशवीर सिंह और पुनीत कौर ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. कुसुम खेमानी के साहित्यिक जीवन और उनकी रचनात्मक यात्रा को केंद्र में रखते हुए वरिष्ठ कवि रावेल पुष्प ने विशेष कविता प्रस्तुत की। इसके बाद डॉ. खेमानी की लिखी कहानी का पंजाबी नाट्य रूपांतरण मंच पर प्रस्तुत किया गया। इसका निर्देशन एवं मंचन सिख नारी मंच के संस्थापक सरदार नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर कोलकाता सिख नारी मंच की ओर से सुनीता कौर, नीलम कौर और सरदार नरेंद्र सिंह ने डॉ. कुसुम खेमानी को सम्मानित किया। वहीं, भारत जैन महिला मंडल की ओर से अंजू सेठिया तथा नील चक्र संस्था की ओर से भी उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान लोकगीत, नृत्य और कविताओं की प्रस्तुतियां भी हुईं। कार्यक्रम में सरदार गुरसेवक सिंह, कमलप्रीत कौर, सिमरप्रीत सिंह, आकांक्षा कौर, बानी कौर, अनाहिरा कौर और नजरुल हक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अस्वस्थता के बावजूद डॉ. कुसुम खेमानी पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहीं और प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कार्यक्रम में उपस्थित साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके साहित्यिक योगदान और दीर्घ रचनात्मक यात्रा को याद करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।