कोलकाता : महानगर में विभिन्न कंपनियों के नाम पर फर्जी लॉटरी टिकट छापकर उन्हें बाजार में खपाने वाले एक संगठित गिरोह का कोलकाता पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई टेंगरा थाना क्षेत्र के मथेश्वरतल्ला रोड स्थित एक ठिकाने पर की गई, जहां लंबे समय से अवैध रूप से नकली लॉटरी टिकट तैयार किए जाने की सूचना मिल रही थी। पुलिस की एआरएस (एंटी राउडी स्क्वाड) टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शहनवाज अहमद (36), मोहम्मद कयूम (56), रुस्तम हुसैन (22) और मोहम्मद तनवीर (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में विभिन्न कंपनियों के फर्जी लॉटरी टिकट, कंप्यूटर, प्रिंटर तथा टिकट छापने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण और सामग्री बरामद की है।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी कंप्यूटर और आधुनिक प्रिंटिंग उपकरणों की मदद से असली जैसे दिखने वाले नकली लॉटरी टिकट तैयार करते थे। इसके बाद इन टिकटों को महानगर और आसपास के विभिन्न इलाकों में सप्लाई कर लोगों को धोखा दिया जाता था। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह का नेटवर्क अन्य जिलों तक भी फैला हो सकता है।
कोलकाता पुलिस के अनुसार, काफी समय से इस गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर आरोपितों को दबोचा गया। फिलहाल सभी आरोपितों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा फर्जी लॉटरी टिकटों की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी।