गिरफ्तार अभियुक्त को दिखाते हुए आईपीएफ ‌विजय कुमार साथ में हैं आरके सिंह और एस घरामी व अन्य  
कोलकाता सिटी

फर्जी आईआरसीटीसी आईडी से ई-टिकट बेचने के आरोप में युवक गिरफ्तार

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : फर्जी आईआरसीटीसी आईडी के जरिए ई-टिकट बेचने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक का नाम रकिबुल हालदार है। वह उस्ती थानांतर्गत केसीली का रहने वाला है। मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ई-टिकट दलाली के आरोप में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। यह मामला रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स के सोनारपुर पोस्ट में दर्ज किया गया। आरपीएफ साइबर सेल, हावड़ा से मिली सूचना के आधार पर जांच में पता चला कि आरोपित कई फर्जी आईआरसीटीसी पर्सनल यूजर आईडी बनाकर अवैध रूप से रेलवे ई-टिकट बेच रहा था। जांच के दौरान आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसमें विभिन्न ई-टिकट और लेनदेन संबंधी जानकारियां मिलीं। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी का उपयोग कर टिकट बुक करता था तथा प्रत्येक टिकट पर 100 से 150 रुपये अतिरिक्त लेकर ग्राहकों को बेचता था। आरपीएफ अधिकारियों ने आरोपित के मोबाइल से छह पुराने रेलवे ई-टिकट बरामद किए, जिनकी कुल कीमत लगभग 11,235 रुपये बताई गई है। सभी दस्तावेज, टिकट और मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए। इसके बाद आरोपित को रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।

SCROLL FOR NEXT