फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

फर्जी सीबीआई अधिकारी का बिहार तक फैला नेटवर्क!

दो साल में सात बेरोजगारों को नौकरी का झांसा देकर की लाखों की ठगी

Deepak Mishra

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर करता था गुमराह

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले फर्जी सीबीआई गैंग का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। भवानीपुर थाने की पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह ने पिछले दो वर्षों में सात नौकरी के इच्छुक युवाओं और उनके परिजनों से करीब 20 लाख रुपये की वसूली की थी। गिरोह का नेटवर्क बिहार तक फैला हुआ था।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरोह का मुख्य आरोपी बिपर्षि बसु वर्ष 2024 से खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को अपने जाल में फंसाता था। वह दावा करता था कि निजाम पैलेस में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के अधिकारियों से उसकी अच्छी पहचान है और वह आसानी से उनकी नौकरी लगवा सकता है। खास तौर पर सरकारी परीक्षाएं पास कर चुके अभ्यर्थियों को वह अपना निशाना बनाता था। इसके एवज में वह उनसे कई लाख रुपये वसूलता था। एक अभ्यर्थी से उसने सात लाख रुपये तक ऐंठ लिए थे। ठगी के इस नेटवर्क को बिहार तक फैलाने के लिए आरोपी ने एक परिचित के माध्यम से वहां की एक महिला से संपर्क किया। उसने महिला के एक परिचित को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर कोलकाता बुलाया और इस बहाने उससे तीन लाख रुपये वसूल लिए।

निजाम पैलेस में ले जाकर जीतता था भरोसा

लोगों का विश्वास हासिल करने के लिए बिपर्षि उन्हें कोलकाता के निजाम पैलेस ले जाता था। वहां केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के कार्यालय स्थित होने का फायदा उठाकर वह अभ्यर्थियों को अलग-अलग कार्यालयों में ले जाता और दावा करता था कि संबंधित विभाग में ही उनका इंटरव्यू होगा। वह कुछ लोगों को कार्यालयों के भीतर तक भी ले जाता था, ताकि किसी को उस पर शक न हो। रुपये मिलने के बाद वह अभ्यर्थियों को फर्जी नियुक्ति पत्र थमा देता था।

हैरानी की बात यह है कि मुख्य आरोपी बिपर्षि बसु ने खुद भी सरकारी परीक्षा पास की थी और उसे एक सरकारी बैंक में असिस्टेंट मैनेजर की नौकरी मिल गई थी। इसके बावजूद वह ठगी के इस धंधे में शामिल रहा।

एसएससी कार्यालय पहुंचने पर खुला राज

मामले में गिरफ्तार शुभम सागर भी नौकरी की तलाश कर रहा था। आरोप है कि बिपर्षि ने उससे भी रुपये लिए थे। हाल ही में बिपर्षि ने खुद को सीबीआई का डीएसपी बताकर एसएससी कार्यालय में एक अभ्यर्थी के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल करने की कोशिश की। शुरुआत में अधिकारियों ने जानकारी देने से इनकार कर दिया और उन्हें शक हुआ। अधिकारियों ने उन्हें अगले सोमवार को आने के लिए कहा। इसी बीच एसएससी अधिकारियों ने भवानीपुर थाने की पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस ने मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ के दौरान ठगी के इस पूरे नेटवर्क और बिहार तक फैले इसके संपर्कों का खुलासा हुआ है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT