कोलकाता सिटी

नागरिक परिसेवाओं को लेकर माकपा नेता फैयाज ने केएमसी सचिव को सौंपा ज्ञापन

Rambalak

कोलकाता : महानगर में नागरिक परिसेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर माकपा नेता फैयाज अहमद खान ने केएमसी की सचिव को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने शहर में सड़क, नाली, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और आवश्यक प्रमाणपत्रों से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए। खान ने आरोप लगाया कि कोलकाता के कई इलाकों में नागरिक परिसेवाओं की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। सड़कों और नालियों की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका दावा है कि त्योहारों के मौसम में इन समस्याओं के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ आवश्यक प्रमाणपत्र हासिल करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों और कमिश्नर पर आम लोगों की समस्याओं को पर्याप्त समय नहीं देने का आरोप लगाया। माकपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि नागरिक समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो लोगों को अपने अधिकारों और क्षेत्र के विकास की मांग को लेकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ेगा। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

SCROLL FOR NEXT