सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सीकर नागरिक परिषद (कोलकाता) द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर सिटी पाड़ा, देउलपुर, हावड़ा में नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 968 लोगों की नेत्र जांच की गई, जिनमें से 718 लोग चश्मा योग्य पाए गए। इनमें 373 मरीजों को तुरंत चश्मे वितरित किए गए, जबकि शेष लोगों को शीघ्र ही चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर के दौरान दवा योग्य मरीजों को निशुल्क दवाइयां प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त 131 मरीज ऑपरेशन योग्य पाए गए, जिनका ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं आंखों का प्रेशर परीक्षण किया गया। सभी ऑपरेशन योग्य मरीजों का ऑपरेशन जल्द करवाया जाएगा। यह जानकारी सह-सचिव एवं संयोजक श्री नवनीत सोढ़ानी तथा सह-संयोजक श्री रवि लोहिया ने दी।
परिषद के अध्यक्ष एमिरेट्स घनश्याम प्रसाद सोभासरिया ने शिविर में उपस्थित कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि परिषद के कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से समाज सेवा कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
सचिव रवि शंकर सीकरिया ने शिविर की सफलता के लिए सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि यह परिषद द्वारा आयोजित 161वां विशाल नेत्र परीक्षण शिविर था। शिविर के उपरांत सभी मरीजों को खिचड़ी महाप्रसाद वितरित किया गया, साथ ही कंबल, वस्त्र एवं बच्चों के लिए शीतकालीन कपड़ों का वितरण भी किया गया। उन्होंने परिषद द्वारा वर्ष भर संचालित सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सीकर भवन में प्रतिदिन खिचड़ी महाप्रसाद वितरण के साथ-साथ निःशुल्क नेत्र, दंत,होमियोपैथिक एवं फिजियोथेरेपी चिकित्सालय, वोकेशनल क्लास, नृत्य प्रशिक्षण, अंक ज्योतिष एवं ज्योतिष शास्त्र की सेवाएं उपलब्ध हैं। सीकर भवन में विवाह योग्य मारवाड़ी युवक-युवतियों के मेल-मिलाप की व्यवस्था भी है।
शिविर को सफल बनाने में आदित्य विक्रम बियानी, अंकित चौधरी, आशीष चौधरी, अंकित अग्रवाल, रोहित जाजोदिया, शुभम सिन्हा, राजेश साव, कुलदीप यादव, राखाल राय एवं उनकी पूरी टीम के साथ-साथ स्थानीय कार्यकर्ताओं का भरपूर सहयोग रहा।