कोलकाता : सिंथी थाना के सत्रापाड़ा लेन इलाके में एक पूर्व मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मृतक के पिता ने अपनी बहू पर बेटे को शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का संगीन आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर सिंथी थाने की पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुदास दत्ता गार्डेन लेन के निवासी कमल कुमार चक्रवर्ती ने बताया कि उनका पुत्र शुभाशीष चक्रवर्ती (43) पिछले सात वर्षों से सत्रापाड़ा लेन स्थित अपने ससुराल में पत्नी देबिका साहा के साथ रह रहा था। कमल कुमार का आरोप है कि उन्हें रविवार रात को अचानक बेटे की मौत की सूचना मिली और उन्हें बिना बताए रतन बाबू घाट पर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 103(1) और 238(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि शुभाशीष पहले एक फार्मा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के पद पर कार्यरत था। कोविड काल के दौरान नौकरी छूट जाने के बाद से ही वह गहरे मानसिक तनाव और शारीरिक अस्वस्थता से गुजर रहा था। वह न्यूरो संबंधी बीमारी से भी पीड़ित था और खुद ही दवाइयां ले रहा था। पड़ोसियों के मुताबिक, पिछले दो हफ्तों से उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन उसने किसी योग्य डॉक्टर से औपचारिक इलाज नहीं कराया था । पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, 9 जून को शुभाशीष की हालत बिगड़ने पर एक स्थानीय डॉक्टर को बुलाया गया था। डॉक्टर ने उसका ब्लड प्रेशर काफी लो होने की बात कहकर उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराने और सलाइन चढ़ाने की सलाह दी थी। इसके अगले दिन यानी 10 जून की सुबह भोजन करने के बाद शुभाशीष अपनी पत्नी के साथ कमरे में आराम करने चला गया। दोपहर में पत्नी ने जब उसे जगाने का प्रयास किया, तो शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। दोबारा डॉक्टर को बुलाए जाने पर उन्होंने शुभाशीष को मृत घोषित कर दिया और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया। इसके बाद एक स्थानीय मेडिकल स्टोर की मदद से एम्बुलेंस का इंतजाम कर रतन बाबू घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
घर की हुई फॉरेंसिक जांच
पिता के आरोपों और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने सत्रापाड़ा लेन स्थित उस मकान की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है, जहां शुभाशीष की मौत हुई थी। पुलिस आस-पड़ोस के लोगों और गवाहों के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और चल रही तफ्तीश के निष्कर्षों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।