राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के ‘सेवाश्रय’ शिविर में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा नेता अभिजीत दास (बॉबी) ने पहले ही शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इसी मामले में तीन डॉक्टरों को विष्णुपुर थाने बुलाया गया। जांच अधिकारियों ने तीनों डॉक्टरों से कई दौर में पूछताछ की। बताया जा रहा है कि विष्णुपुर के एसडीपीओ और मामले के जांच अधिकारी तापस सरकार ने भी उनसे पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने डॉक्टरों से सेवाश्रय शिविर में दी जाने वाली चिकित्सा सेवाओं, आयोजन में उनकी भूमिका तथा सामने आई विभिन्न शिकायतों के संबंध में जानकारी मांगी। गौरतलब है कि तृणमूल शासन के दौरान डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने सेवाश्रय शिविर शुरू किया था। यहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग नि:शुल्क इलाज कराने पहुंचे थे।
सेवाश्रय को लेकर बढ़ी शिकायतें, जांच के निर्देश
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद सेवाश्रय को लेकर एक के बाद एक आरोप सामने आने लगे। आरोप है कि इलाज कराने पहुंचे कुछ लोगों के पैर काटने पड़े, जबकि कुछ मामलों में हाथ गंवाने की नौबत आई। इसके अलावा सेवाश्रय में दी गई दवाओं की खरीद और वितरण में करोड़ों रुपये की कथित अनियमितता के आरोप भी लगाए गए हैं। इन घटनाओं को लेकर अभिषेक के खिलाफ एक के बाद एक शिकायतें दर्ज की गई हैं। लगातार आरोप सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हुआ है। बताया जा रहा है कि विभाग की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है। सीएम ने भी सेवाश्रय को लेकर सामने आ रहे लगातार आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भाजपा नेता अभिजीत की शिकायत को एफआईआर में तब्दील कर जिला पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू कर दी।