कोलकाता एयरपोर्ट पर इंडिगो एयर होस्टेस उड़ान के लिए तैयार 
कोलकाता सिटी

कोलकाता–शंघाई सीधी उड़ान की सौगात

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष से विमानन उद्योग जहां परेशान है, वहीं सोमवार शाम एक सकारात्मक खबर आई। IndiGo ने कोलकाता से शंघाई के बीच सीधी दैनिक उड़ान शुरू करने की घोषणा की, जिससे यात्रियों में उत्साह फैल गया। यह कोलकाता और चीन के बीच दूसरी दैनिक उड़ान होगी। इससे पहले 10 नवंबर 2025 को एयरलाइन ने कोलकाता से ग्वांगझू (कैंटन) के लिए उड़ान शुरू की थी, जो भारत-चीन संबंधों में सुधार के बाद दोनों देशों के बीच पहली उड़ान थी।

एयरलाइन के ग्लोबल हेड ऑफ सेल्स विनय मल्होत्रा ने कहा, “शंघाई देश का सबसे बड़ा शहर और वैश्विक वित्तीय केंद्र है, जो अपनी आधुनिक स्काईलाइन और ऐतिहासिक वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है। यह नई उड़ान द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी मजबूत करेगी।”

यह उड़ान एयरबस A320 विमान से संचालित होगी। कोलकाता से शंघाई के लिए उड़ान रात 9:45 बजे रवाना होगी और स्थानीय समयानुसार सुबह 4:40 बजे शंघाई पहुंचेगी। वापसी उड़ान सुबह 5:40 बजे शंघाई से उड़ान भरेगी और सुबह 9:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। रिटर्न टिकट का शुरुआती किराया 28,000 रुपये रखा गया है।

ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (पूर्व) के अध्यक्ष अनिल पंजाबी ने कहा कि यह नई उड़ान व्यापार और पर्यटन दोनों के लिए लाभदायक होगी। अब तक शंघाई जाने वाले यात्रियों को सिंगापुर या बैंकॉक के रास्ते यात्रा करनी पड़ती थी।

ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के मानव सोनी ने कहा कि कोलकाता के लिए यह एक बड़ा सेक्टर साबित होगा क्योंकि दोनों शहरों के बीच व्यापारिक गतिविधियां काफी अधिक हैं।

वित्त वर्ष 2025-26 में पश्चिम बंगाल से चीन को समुद्री उत्पाद, चमड़े के सामान और विशेष वस्त्रों का निर्यात बढ़ा है। व्यापारिक समुदाय का मानना है कि सीधी उड़ान से व्यापार को और गति मिलेगी।

सूत्रों के अनुसार, China Eastern Airlines भी कोलकाता और कुनमिंग के बीच अपनी दैनिक सेवा फिर से शुरू करने पर विचार कर रही है, जिसे 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान बंद कर दिया गया था।

SCROLL FOR NEXT