फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

एसएसकेएम अस्पताल में फर्जी ओपीडी टिकट गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Deepak Mishra

भवानीपुर थाना की पुलिस ने अभियुक्त को पकड़ा

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

सरकारी अस्पताल की लंबी लाइनों से बचने की कोशिश कर रहे मरीजों से ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसएसकेएम (SSKM) अस्पताल के एमएसवीपी (MSVP) पीयूष कुमार रॉय की शिकायत पर की गई जांच के बाद भवानीपुर थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम असद अली, मो. शाहिद और विहीद अहमद हैं। पकड़े गए आरोपियों में से दो हावड़ा के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा आरोपी अस्पताल के बाहर फोटोकॉपी (जेरॉक्स) की दुकान चलाता है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए शुरू की गई ऑनलाइन ओपीडी टिकट प्रणाली का फायदा उठाकर यह गिरोह सक्रिय था। बुजुर्ग और स्मार्टफोन का इस्तेमाल न कर पाने वाले मरीज इस गिरोह का आसान शिकार बन रहे थे। हावड़ा निवासी दो आरोपी अस्पताल परिसर के भीतर ही मौजूद रहते थे। जो मरीज ऑनलाइन टिकट नहीं कटा पाते थे, ये उन्हें मदद का झूठा आश्वासन देकर अस्पताल के बाहर स्थित जेरॉक्स की दुकान पर ले जाते थे। वहां पैसे लेकर मरीजों को फर्जी ओपीडी टिकट बनाकर थमा दिया जाता था। भवानीपुर थाना पुलिस ने बुधवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए इस रैकेट में शामिल तीनों आरोपियों को धर दबोचा। उल्लेखनीय है कि एसएसकेएम अस्पताल में दलाली का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मरीजों को भर्ती कराने, बेड दिलाने और विभिन्न चिकित्सा जांच कराने के नाम पर परिजनों से पैसे ऐंठने के आरोप सामने आते रहे हैं। चालू वर्ष में ही एक मरीज को भर्ती कराने के नाम पर ठगी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। अब ऑनलाइन टिकट बुकिंग के नाम पर हुई इस धोखाधड़ी से अस्पताल की सुरक्षा और व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
SCROLL FOR NEXT