महंगे होंगे AC-TV और वॉशिंग मशीन  
कोलकाता सिटी

अक्टूबर से महंगे होंगे AC-TV और वॉशिंग मशीन सहित इलेक्ट्रॉनिक सामान

कच्चे माल की बढ़ी लागत बनी वजह

Ravi

कोलकाता : दुर्गापूजा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों से पहले इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों को झटका लग सकता है। जानकारी के अनुसार उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनियां 1 अक्टूबर से कई उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की तैयारी में हैं।

एयर कंडीशनर, एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन और रेफ्रिजरेटर की कीमतों पर इसका असर पड़ सकता है। उद्योग सूत्रों के मुताबिक, एसी की कीमत में करीब 5 से 8 प्रतिशत, जबकि कुछ अन्य उत्पादों में 3 से 4 प्रतिशत तक वृद्धि संभव है।

कच्चे माल की बढ़ी लागत बनी वजह

कीमतों में संभावित बढ़ोतरी के पीछे कॉपर, स्टील, एल्युमिनियम, प्लास्टिक और क्रूड आधारित उत्पादों की बढ़ती लागत को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। इसके अलावा माल ढुलाई महंगी होने और मुद्रा विनिमय में उतार-चढ़ाव का भी कंपनियों की लागत पर असर पड़ा है।

कई प्रमुख कंपनियां बढ़ा रही हैं कीमतें

Blue Star, Haier, Godrej Appliances, Daikin और Super Plastronics समेत कई कंपनियां कीमतों में बदलाव की घोषणा कर चुकी हैं। LG और Bosch Home Comfort से जुड़े एसी की कीमतों में भी करीब 5 प्रतिशत वृद्धि की जानकारी सामने आई है। Haier ने एसी के साथ टीवी और वॉशिंग मशीन जैसे उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की योजना बताई है।

कोलकाता में त्योहारी खरीदारी पर नजर

कोलकाता के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार के लिए यह बदलाव खास मायने रखता है, क्योंकि दुर्गापूजा के दौरान टीवी, एसी और घरेलू उपकरणों की खरीदारी बढ़ती है। हालांकि कारोबारियों के पास पुराने मूल्य पर खरीदा गया स्टॉक मौजूद होने से शुरुआती दौर में ग्राहकों को कुछ राहत मिल सकती है।

उद्योग प्रतिनिधियों के मुताबिक यह पुराना स्टॉक करीब एक से डेढ़ महीने तक बाजार में रह सकता है, जिसके बाद नई कीमतों का असर अधिक स्पष्ट होगा।

SCROLL FOR NEXT