File Photo 
कोलकाता सिटी

पार्टी के पैसे से चुनाव, अब उसी फंड पर आरोप!

तृणमूल ने ऋतब्रत-संदीपन से की 25-25 लाख रुपये लौटाने की मांग

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के फंड और बैंक खातों को लेकर पार्टी के भीतर सियासी घमासान तेज हो गया है। रविवार को पार्टी प्रवक्ता और विधायक कुणाल घोष ने बागी विधायक ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जो नेता आज पार्टी के बैंक खातों पर सवाल उठा रहे हैं, उन्होंने ही चुनाव लड़ने के लिए तृणमूल के खाते से 25-25 लाख रुपये लिए थे।

कुणाल घोष ने दावा किया कि बागी विधायकों द्वारा चुनाव आयोग को सौंपे गए दस्तावेजों के अनुसार, ऋतब्रत बनर्जी ने चुनाव में 26,86,038 रुपये खर्च किए, जिसमें से 25 लाख रुपये पार्टी की ओर से 'पार्टी डोनेशन' के रूप में दिए गए थे। वहीं, संदीपन साहा के कुल चुनावी खर्च 27,01,372 रुपये में भी 25 लाख रुपये पार्टी फंड से मिले थे।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पार्टी का पैसा काला धन था, तो उसे स्वीकार क्यों किया गया और चुनाव में उसका इस्तेमाल क्यों किया गया। उन्होंने दोनों विधायकों से पार्टी फंड से लिए गए पैसे तत्काल वापस करने की मांग की। हालांकि, इन आरोपों पर पलटवार करते हुए नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी और विधायक संदीपन साहा ने कहा कि पार्टी ने केवल उन्हें ही नहीं, बल्कि विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सभी 294 उम्मीदवारों को आर्थिक सहायता दी थी।

उन्होंने कहा, पैसे का स्रोत, उसका चरित्र या रंग क्या है, यह जानने का हमारे पास कोई तरीका नहीं था। हमारे खिलाफ लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद हैं।

SCROLL FOR NEXT