कोलकाता सिटी

कुंभ में बेटी से बिछड़ी वृद्धा का उत्तर दिनाजपुर के युवक ने किया उद्धार! पुलिस ने पहुंचाया घर

पूर्व जादवपुर थाना इलाके की घटना
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कुंभ मेले में स्नान करने गयी एक वृद्ध महिला अपनी बेटी से बिछड़ गई। मेले में ठंड से कांप रही वृद्धा पर जैसे ही इस्लामपुर के एक युवक की नजर पड़ी तो उसे बचाया और प्रयागराज से कोलकाता ले आया। फिर, कोलकाता पुलिस की मदद से वृद्ध महिला अंततः अपने घर लौट पायी। परिवार के सदस्य युवक और पुलिस की भूमिका की जमकर सराहना कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार वृद्ध महिला का नाम कृष्णा सरकार है। वृद्ध महिला 10 जनवरी को अपनी बेटी के साथ कुंभ मेले में स्नान करने गई थी। वह गलती से भीड़ में खो गयी। फिर वह एक पेड़ के नीचे बैठ गयी और रोने लगी। यह मामला इस्लामपुर निवासी संजय कुंडू नामक युवक के संज्ञान में आया। उसने बूढ़ी औरत से पूछा कि क्या हुआ। बंगाल से 800 किलोमीर दूर एक बंगाली वृद्धा को अकेले देख संजय ने उसकी मदद को ठानी। हालाँकि, वृद्ध महिला घर का पता नहीं बता सकी। उसने केवल इतना बताया कि वे मुकुंदपुर में रहती है। युवक ने तुरंत ही अपनी जिम्मेदारी पर वृद्धा को घर ले जाने का निर्णय लिया। तदनुसार, संजय उक्त वृद्धा को अपने साथ कोलकाता ले आया। यहां आने के बाद वह पूर्व जादवपुर पुलिस स्टेशन में पहुंचा। उसने पूरी घटना की सूचना पुलिस को दी। वृद्धा को घर का पता नहीं मालूम था। ऐसे में यह निर्णय लिया गया कि महिला की तस्वीर लेकर उसे पुलिस के व्हाट्सएप ग्रुप पर डाल दिया जाए। उस तस्वीर को अलग-अलग क्षेत्रों में दिखाया गया। अंततः महिला का परिवार मिल गया। खबर मिलते ही परिवार के सदस्यों ने पुलिस स्टेशन से संपर्क किया। इसके बाद वे लोग वृद्धा को अपने घर ले गये। इस्लामपुर के युवा के इस सहयोग से हर कोई अभिभूत है।

SCROLL FOR NEXT