फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

पेंशन अपडेट के नाम पर वृद्ध से 16 लाख रुपये की ठगी

कॉल फॉरवर्डिंग के जरिए बुजुर्ग से की गई साइबर ठगी

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर में जालसाजों ने बैंक अधिकारी बनकर एक वरिष्ठ नागरिक के खाते से करीब 16 लाख रुपये उड़ा लिए। ठगों ने पेंशन कार्ड अपडेट कराने का झांसा देकर पीड़ित के मोबाइल में कॉल फॉरवर्डिंग सेवा सक्रिय कराई और इसके जरिए ओटीपी व अन्य बैंकिंग सत्यापन की जानकारी हासिल कर ली। इस संबंध में पीड़ित वृद्ध के बेटे ने श्यामपुकुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

क्या है पूरा मामला

शिकायत के मुताबिक 4 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2:15 बजे पीड़ित के मोबाइल पर एक फोन कॉल और वॉट्सऐप वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक के पेंशन विभाग का अधिकारी बताया और कहा कि पेंशन कार्ड अपडेट या एक्टिवेट करना जरूरी है। पीड़ित बैंक संबंधी कुछ प्रक्रियाओं को लेकर पहले से संपर्क में थे, इसलिए वह ठगों की बातों पर भरोसा कर बैठे। बातचीत के दौरान जालसाजों ने उन्हें एक मोबाइल नंबर पर कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय करने के लिए कहा। इसके बाद पीड़ित के मोबाइल पर आने वाले ओटीपी और सत्यापन कॉल ठगों तक पहुंचने लगे। इसके बाद आरोपियों ने बैंक खाते से जुड़ी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी बदल दी और पीड़ित की जानकारी के बिना उसे एक अन्य ईमेल आईडी से लिंक कर दिया। जालसाजों ने पीड़ित की 12.91 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) समय से पहले बंद कराई और राशि को बचत खाते में स्थानांतरित कर दिया। शिकायत के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने 4 लाख रुपये का अवैध लेनदेन किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने बैंक और साइबर क्राइम सेल को इसकी सूचना दी। पुलिस को वॉट्सऐप वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट, बैंक स्टेटमेंट और कॉल रिकॉर्ड समेत अन्य दस्तावेज सौंपे गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT