कोलकाता : खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर जालसाजों ने एक 72 वर्षीय वृद्ध से 54 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। घटना को लेकर एक हाउसिंग को-ऑपरेटिव सोसाइटी के सदस्य अमित राय चौधरी ने आनंदपुर थाने में शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित के अनुसार, 23 मार्च 2026 से उन्हें ट्राइ सत्यापन सूची के नाम पर संदिग्ध कॉल आने लगे। पूछताछ करने पर कॉल करने वालों ने खुद को मुंबई पुलिस का इंस्पेक्टर और अन्य अधिकारी बताया। इसके बाद एक व्यक्ति ने खुद को सीबीआई चीफ बताकर संपर्क किया और मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दी। ठगों ने पीड़ित को डराया कि यदि उन्होंने पैसे नहीं दिए तो उनके सभी रिटायरमेंट लाभ जब्त कर लिए जाएंगे। भय और दबाव में आकर पीड़ित ने 27 मार्च 2026 को एसबीआई, एल्गिन रोड शाखा से 31 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 4 अप्रैल 2026 को फिर से 16.5 लाख रुपये उसी खाते में भेजे गए। ठगी का सिलसिला यहीं नहीं रुका और 7 अप्रैल 2026 को पीएनबी खाते से 6.5 लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए गए। इस तरह कुल मिलाकर 54 लाख रुपये से अधिक की राशि ठगों द्वारा हड़प ली गई। पीड़ित ने सभी बैंक ट्रांजैक्शन के दस्तावेज भी जांच के लिए उपलब्ध कराए हैं।
मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह एक सुनियोजित साइबर ठगी का मामला प्रतीत हो रहा है, जिसमें फर्जी सरकारी अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को डराकर पैसे ऐंठे जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस प्रकार के कॉल से सतर्क रहें और किसी भी अज्ञात व्यक्ति को व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।