सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सरकारी बैंकों और डायग्नोस्टिक सेंटरों में मरीजों व ग्राहकों के बैग और मोबाइल उड़ाने वाले एक शातिर बुजुर्ग चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना श्याम पुकुर थाना इलाके की है । आरोपी की पहचान संजय अरोड़ा के रूप में हुई है, जो लंबे समय से सार्वजनिक स्थलों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी संजय अरोड़ा बैंकों और डायग्नोस्टिक सेंटरों को अपना मुख्य निशाना बनाता था। वह बेहद ही चालाकी से वहां आने वाले लोगों और ग्राहकों के कीमती सामान, जैसे बैग और मोबाइल फोन चुराकर रफूचक्कर हो जाता था। उसने हाल ही में एक सरकारी बैंक की बागबाजार शाखा में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा गोलाबाड़ी और नागरबाजार थाना क्षेत्रों में भी उसके खिलाफ चोरी के मामले दर्ज थे।
श्यामाबाजार में चोरी के प्रयास के दौरान धराया
15 सितंबर 2026 को आरोपी एसबीआई की श्यामाबाजार शाखा में चोरी करने की फिराक में घुसा था। वहां संदिग्ध गतिविधियों के दौरान मुस्तैद पुलिस और सर्जेंट अभिषेक सिंह की सतर्कता से आरोपी को रंगे हाथों धर दबोचा गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने बागबाजार क्षेत्र के अलावा और कितनी जगहों पर इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी के पास से चोरी का सामान बरामद करने की कार्रवाई जारी है।