कोलकाता : इस वर्ष ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर कोलकाता में दशकों पुरानी परंपरा में बड़ा बदलाव देखने को मिला। लंबे समय से रेड रोड पर आयोजित होने वाली ईद की सामूहिक नमाज इस बार ब्रिगेड परेड ग्राउंड में संपन्न हुई।
गुरुवार को सुबह से ही ब्रिगेड में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे क्षेत्र में कोलकाता पुलिस की ओर से अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, ताकि नमाज शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
प्रशासन की ओर से मैदान में विशेष मंच, अस्थायी शौचालय, पेयजल और ध्वनि व्यवस्था की गई थी। मैदान के निर्धारित हिस्से को गार्ड रेल से सुरक्षित किया गया था और पुलिस की लगातार निगरानी बनी रही। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आम जनजीवन भी प्रभावित न हो।
ब्रिगेड में ईद की नमाज का इतिहास भी काफी पुराना है। वर्ष 1978 में तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार के शुरुआती दौर में यहां ईद की नमाज अदा की गई थी। इसके बाद कई दशकों तक यह आयोजन रेड रोड पर होता रहा। वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता परिवर्तन होने पर राज्य सरकार के निर्देश और पुलिस प्रशासन की देखरेख में एक बार फिर ब्रिगेड में यह ऐतिहासिक आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर सभी को ईद की शुभकामनाएं दीं। वहीं खिलाफत कमेटी के अध्यक्ष जावेद ख़ान ने पुलिस और प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि धार्मिक और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी को साथ लेकर चलना जरूरी है।