सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : वित्तीय अनियमितता और कथित धोखाधड़ी के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चिटफंड कंपनी के प्रमुख कैलाश चांद दुजारी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिक रिटर्न देने का लालच देकर कंपनी ने बाजार से करीब 300 करोड़ रुपये जुटाए थे। बुधवार को ईडी ने कैलाश चांद दुजारी को गिरफ्तार किया। गुरुवार को उन्हें कोलकाता नगर दायरा अदालत के मुख्य न्यायाधीश सुदीप्त कुमार डे की अदालत में पेश किया गया। इस दौरान ईडी की ओर से अधिवक्ता अरिजीत चक्रवर्ती ने लंबी दलीलें पेश करते हुए आरोपी से पूछताछ के लिए ईडी हिरासत की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कैलाश चांद दुजारी को 26 नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2004 से 2013 के बीच कथित तौर पर करीब 300 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। इस दौरान लगभग एक लाख लोगों से अधिक रिटर्न का वादा कर निवेश कराया गया था। ईडी इस मामले में धन संग्रह के तरीके, निवेशकों की संख्या और जुटाई गई रकम के लेन-देन की जांच कर रहा है।