गिरफ्तार इंद्रनील सेन को ले जाते हुए पुलिस कर्मी 
कोलकाता सिटी

दुर्गापूजा वीआईपी पास घोटाला : पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन गिरफ्तार

Deepak Mishra

30 करोड़ रुपये की वसूली का आरोप, ईडी दफ्तर से निकलते ही पुलिस ने पकड़ा

पत्नी समेत छह लोगों के नाम जांच के घेरे में

जमानत अर्जी खारिज होने के बाद पुलिस की कार्रवाई

कोलकाता :

दुर्गापूजा के वीआईपी पास घोटाले में कोलकाता पुलिस ने बुधवार को राज्य के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन को गिरफ्तार कर लिया। वह साल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी के कार्यालय में पूछताछ के लिए पहुंचे थे। शाम को वहां से बाहर निकलते ही लालबाजार के स्पेशल सेल के अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस वाहन में बैठाया और पूछताछ के लिए मुख्यालय ले गए। जहां बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच में सहयोग नहीं करने के आरोप के बीच यह कार्रवाई की गई है। सेन के खिलाफ दुर्गापूजा के पास बेचने के नाम पर कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच चल रही है।

यूनेस्को के नाम पर पास बेचकर करोड़ों रुपये वसूलने का आरोप

आरोप है कि सेन से जुड़ी संस्था ‘मास आर्ट’ ने कोलकाता की दुर्गापूजा को यूनेस्को की मान्यता मिलने के नाम पर लोगों को विशेष प्रवेश पास और प्रीव्यू शो के टिकट बेचे। इन पासों के जरिए आम लोगों से बड़ी रकम वसूले जाने का आरोप है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि प्रचार में इस तरह यूनेस्को का नाम इस्तेमाल किया गया, जिससे लोगों को संस्था की आधिकारिक मंजूरी और कथित व्यावसायिक संबंधों को लेकर भ्रम हुआ। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2022 से 2025 के बीच इस माध्यम से करीब 30 करोड़ रुपये जुटाए जाने का आरोप है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रकम किन खातों में जमा हुई और उसका इस्तेमाल कहां किया गया। पुलिस को कथित तौर पर पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के खातों में भी पैसे जमा होने की जानकारी मिली है।

पत्नी समेत छह लोगों की भूमिका की जांच

इस मामले में इंद्रनील सेन की पत्नी समेत छह लोगों की भूमिका जांच के दायरे में बताई जा रही है। आरोप है कि परिवार के सदस्यों के नाम पर मौजूद कई बैंक खातों में कथित तौर पर रकम जमा की गई। हालांकि, संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी। ‘मास आर्ट’ नामक संस्था भी जांच एजेंसियों के रडार पर है। ईडी को संदेह है कि इसी संस्था के जरिए प्रीव्यू शो और विशेष प्रवेश पास की बिक्री के नाम पर कथित वित्तीय अनियमितताएं की गईं। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि यूनेस्को के साथ किसी तरह का वास्तविक समझौता या व्यावसायिक अनुमति थी या नहीं।

अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद कार्रवाई

इंद्रनील सेन ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया था, लेकिन उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में अपील की। मंगलवार को मामले की सुनवाई निर्धारित थी, लेकिन न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता ने निजी कारणों का हवाला देते हुए सुनवाई से खुद को अलग कर लिया। इसके चलते मामले में आगे की सुनवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी। बुधवार को सेन के ईडी कार्यालय पहुंचने के बाद वहां कोलकाता पुलिस के अधिकारियों की मौजूदगी से उनकी गिरफ्तारी की अटकलें तेज हो गई थीं। शाम को कार्यालय से बाहर निकलते ही पुलिस ने उन्हें अपने साथ ले लिया।
SCROLL FOR NEXT