फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

दुर्गापूजा को लेकर दक्षिण बंगाल पुलिस अलर्ट

Deepak Mishra

छिनताई-डकैती पर लगाम और महिला सुरक्षा के लिए विशेष निर्देश

बाजारों व संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी गश्त

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

दुर्गापूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और बाजारों में लोगों की आवाजाही को देखते हुए दक्षिण बंगाल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। छिनताई, डकैती, छेड़खानी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस को व्यापक और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में विजिबल पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया गया है।दक्षिण बंगाल के एडीजी एवं आईजीपी की ओर से प्रेसीडेंसी, मुर्शिदाबाद और बारासात रेंज के अधिकारियों के अलावा बारूईपुर, डायमंड हार्बर, सुंदरबन, हावड़ा ग्रामीण, बारासात, बशीरहाट, बनगांव, राणाघाट, कृष्णनगर, मुर्शिदाबाद और जंगीपुर पुलिस जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सुरक्षा संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दुर्गापूजा से पहले और पूजा के दौरान बाजारों, सड़कों और व्यापारिक इलाकों में नकदी और कीमती सामान लेकर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसे देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता में रखा गया है।

बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर विशेष नजर

पेट्रोल पंप, आभूषण की दुकानें, बड़े बाजार, प्रमुख व्यापारिक केंद्र और परिवहन हब पुलिस की विशेष निगरानी में रहेंगे। दिनभर की बिक्री के बाद नकदी लेकर देर शाम या रात में घर लौटने वाले कारोबारियों की सुरक्षा के लिए भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।

सीसीटीवी से भी होगी निगरानी

पुलिस को सभी प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने और उनकी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के लिए स्थानीय स्तर पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने को कहा गया है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और पूजा स्थलों के आसपास छेड़खानी तथा महिलाओं के खिलाफ अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी। दक्षिण बंगाल पुलिस के रेंज आईजी और डिप्टी आईजी स्तर के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की सीधे निगरानी करेंगे। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का बिना किसी लापरवाही के सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
SCROLL FOR NEXT