कोलकाता : दुर्गा पूजा के दौरान महानगर में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की ओर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। पूजा के दौरान विभिन्न खाद्य स्टॉलों, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की जाएगी। केएमसी की कमिश्नर स्मिता पांडेय ने इसकी जानकारी दी। डेंगू-मलेरिया की रोकथाम पर भी जोर कमिश्नर ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान डेंगू और मलेरिया की रोकथाम तथा शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए तीन विशेष अभियान चलाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभावित इलाकों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष डेंगू के मामले कम हैं। महानगर के अधिकांश वार्डों में डेंगू के मामले एक अंक में हैं। तकनीकी खराबी से प्रभावित हुआ था कामकाज नागरिक सेवाओं से जुड़े पोर्टल और आवेदनों की नियमित समीक्षा राज्य सरकार का नियोजन एवं सांख्यिकी विभाग कर रहा है, ताकि लोगों को सेवाएं समय पर मिल सकें। स्टेट डेटा सेंटर में तकनीकी खराबी के कारण केएमसी समेत कई विभागों के कामकाज और भुगतान प्रक्रिया पर असर पड़ा था। हालांकि, वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कर्मचारियों के वेतन का भुगतान किया गया है। अब स्थिति लगभग सामान्य हो चुकी है। पूजा में पार्किंग को लेकर अपील पूजा के दौरान बाजारों और पूजा पंडालों के आसपास बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए लोगों से निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की अपील की गई है। निगम की ओर से लोगों से नागरिक अनुशासन बनाए रखने और शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।