कोलकाता सिटी

केएमसी में अस्थायी होर्डिंग एनओसी के लिए उमड़ी भीड़

904 पूजा आयोजकों ने दिया आवेदन

Rambalak

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दुर्गा पूजा 2026 के मद्देनजर कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के विज्ञापन विभाग की ओर से पूजा आयोजकों को निःशुल्क अस्थायी होर्डिंग ढांचे के लिए एनओसी देने की प्रक्रिया के अंतिम दिन शुक्रवार को काफी भीड़ उमड़ी। आवेदन जमा करने के लिए निगम मुख्यालय में विभिन्न बोरो क्षेत्रों से पूजा आयोजक पहुंचे। मिली जानकारी के अनुसार, अस्थायी होर्डिंग ढांचे के लिए एनओसी आवेदन की प्रक्रिया 20 सितंबर से शुरू की गई थी। शुक्रवार को आवेदन जमा करने का अंतिम दिन था। निगम के 16 बोरो क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पूजा आयोजकों ने इस प्रक्रिया में हिस्सा लिया। विभाग के अनुसार, कुल करीब 904 पूजा आयोजकों ने अस्थायी होर्डिंग और फ्लेक्स लगाने के लिए एनओसी हेतु आवेदन जमा किए हैं। कुछ का आवेदन रद्द हुए है। अंतिम दिन आवेदन जमा करने के लिए पूजा आयोजकों की अच्छी-खासी भीड़ रही। कई आयोजकों ने आवेदन प्रक्रिया को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरू करने की मांग भी की। आवेदन प्रक्रिया में शामिल होने पहुंचे पूजा आयोजक अशोक अग्रवाल ने कहा कि यदि अस्थायी एनओसी के लिए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी जाए, तो आयोजकों को काफी सुविधा होगी। इससे समय की बचत के साथ-साथ आवेदन जमा करने के लिए कार्यालय आने की आवश्यकता भी कम होगी।

डेटाबेस तैयार करेगा विभाग : विज्ञापन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष होर्डिंग और फ्लेक्स के लिए एनओसी आवेदन करने वाले पूजा आयोजकों में अच्छा उत्साह देखने को मिला है। आवेदन के जरिए विभाग एक डेटाबेस तैयार करेगा, जिसका इस्तेमाल आगे निगरानी के लिए किया जाएगा। अधिकारी के अनुसार, आने वाले वर्षों में एनओसी आवेदन की इस प्रक्रिया को ऑनलाइन किए जाने पर भी विचार किया जा सकता है। इससे आवेदन प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी

SCROLL FOR NEXT