प्रसिद्ध कलाकार समीर ऐच ने किया उद्घाटन 
कोलकाता सिटी

नेशनल हाई स्कूल के विद्यार्थियों की कलाकृतियों से सजी ‘ड्रीम्स ऑन कैनवास’ प्रदर्शनी

200 से अधिक चित्रों में बच्चों की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता की दिखी झलक

Ravi

कोलकाता : नेशनल हाई स्कूल की ओर से आयोजित कला प्रदर्शनी ‘ड्रीम्स ऑन कैनवास’ का उद्घाटन बिरला एकेडमी ऑफ आर्ट एंड कल्चर में उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रसिद्ध कलाकार श्री समीर ऐच ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक चित्र अपनी एक अलग कहानी बयां करता है। उन्होंने युवा कलाकारों को भारतीय कला का उज्ज्वल भविष्य बताया।

200 से अधिक कलाकृतियां बनीं आकर्षण का केंद्र

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई 200 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। इनमें वाटर कलर और ऑयल पेंटिंग, स्केच, पोर्ट्रेट, हस्तशिल्प तथा प्रकृति, समाज और भविष्य के सपनों पर आधारित चित्र शामिल हैं।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ‘Inspiring Talent, Nurturing Excellence’ के मूल मंत्र के अनुरूप विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें उत्कृष्टता के लिए तैयार करना है। विद्यालय के सचिव ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल कला का प्रदर्शन नहीं, बल्कि बच्चों को अपनी भावनाएं और विचार व्यक्त करने का आत्मविश्वास देने का माध्यम भी है।

प्रदर्शनी के पहले दिन बड़ी संख्या में अभिभावकों, कला प्रेमियों, शिक्षकों और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पहुंचकर युवा कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। यह प्रदर्शनी 17 से 22 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक बिरला एकेडमी ऑफ आर्ट एंड कल्चर में आम लोगों के लिए खुली रहेगी।

SCROLL FOR NEXT