कोलकाता: तिलजला थाना क्षेत्र स्थित एक पॉश हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉम्प्लेक्स के बच्चों के खेलने वाले पार्क में एक पालतू कुत्ते ने मासूम बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। इस घटना के बाद कॉम्प्लेक्स के निवासियों में सुरक्षा को लेकर काफी रोष है।
शिकायतकर्ता सुधीर प्रसाद सिंह ने पुलिस को बताया कि 14 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे, उनके पड़ोस में रहने वाले कुत्ते के मालिक प्रणदीप अधिकारी ने अपने पालतू कुत्ते को बच्चों के खेलने के क्षेत्र में स्थित झूले पर रखा था। आरोप है कि कुत्ता बिना किसी पट्टे के था ।
शिकायत के अनुसार, कुत्ते के मालिक की इस घोर लापरवाही के कारण कुत्ते ने सुधीर प्रसाद सिंह के बेटे अभियान पर अचानक हमला कर दिया और उसे काट लिया। हमले में बच्चा घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका चिकित्सकीय उपचार कराया गया।
पीड़ित पिता की शिकायत पर तिलजला थाना पुलिस ने आरोपी प्रणदीप अधिकारी के खिलाफ लापरवाही बरतने और साझा इरादे के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हाउसिंग सोसाइटी के नियमों के उल्लंघन के बावजूद कुत्ते को बिना पट्टे के सार्वजनिक पार्क में क्यों लाया गया था।