कोलकाता सिटी

आनंदपुर में प्रीतिभोज को लेकर भाजपा के दो गुटों में विवाद

चुनाव बाद दल बदलने वाले ‘नए भाजपाइयों’ पर उठे सवाल

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : आनंदपुर थानांतर्गत वार्ड नंबर 108 में शनिवार की रात प्रीतिभोज के आयोजन को लेकर भाजपा के दो गुटों के बीच विवाद और कथित मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना में एक भाजपा कार्यकर्ता के सिर पर चोट भी आई है। मामले को लेकर आनंदपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। विवाद के केंद्र में तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित प्रीतिभोज बताया जा रहा है। भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने आरोप लगाया कि दल बदलने के बाद नए भाजपा समर्थकों ने कथित तौर पर रंगदारी के पैसों से बड़े पैमाने पर भोज का आयोजन किया। स्थानीय भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण विषई का आरोप है कि उनके नाम और पार्टी के नाम पर लाखों रुपये की वसूली की गई और उसी पैसे से प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। आरोप है कि भोज का आयोजन करने वाले कई लोग 4 मई के बाद तृणमूल छोड़कर भाजपा में आए हैं।

विवाद का असर देर रात थाने तक पहुंच गया। एक गुट पहले मंडल अध्यक्ष अरुण विषई और उनके समर्थकों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचा। कुछ देर बाद मंडल अध्यक्ष भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और पुलिस की मौजूदगी में ही हाथापाई शुरू हो गई। दूसरी ओर, प्रीतिभोज आयोजित करने वाले पक्ष का आरोप है कि मंडल अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे और वहां मारपीट की। उन्होंने कहा कि वे भी लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं और उन्हें बेवजह निशाना बनाया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT