दिलीप घोष  
कोलकाता सिटी

दिलीप घोष ने तृणमूल सरकार, राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप

कहा- ये बांग्लादेश और पाकिस्तान की करते हैं तारीफ

कोलकाता : भाजपा नेता दिलीप घोष एक बार फिर आक्रामक अंदाज में नजर आए। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ-साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी गंभीर आरोप लगाए। दिलीप घोष ने कहा कि मुख्यमंत्री, राहुल गांधी और अखिलेश यादव बांग्लादेश और पाकिस्तान की तारीफ करते हैं, लेकिन भारत सरकार, भारतीय अदालतों और चुनाव आयोग का सम्मान नहीं करते। उन्होंने कहा कि इससे उनकी मानसिकता और सोच साफ झलकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में कानून और संविधान का कोई मूल्य नहीं रह गया है। यहां न तो चुनाव आयोग का आदेश माना जाता है, न सुप्रीम कोर्ट का। केवल मुख्यमंत्री के निर्देश ही चलते हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को तय करना होगा कि क्या उन्हें ऐसी सरकार चाहिए जो देश की छवि खराब करे और विदेशी ताकतों की तारीफ करे। बांग्लादेश के हालात पर टिप्पणी करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि वहां की जनता शांति चाहती है, इसलिए उन्होंने बदलाव के पक्ष में वोट दिया है। जाफराबाद की घटना पर हुमायूं कबीर के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा कि वह पहले तृणमूल कांग्रेस में थे, इसलिए पार्टी के अंदरूनी मामलों से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने दावा किया कि जाफराबाद की घटना संदिग्ध है और इसे दबाने की कोशिश हो रही है। कितने लोग मरे और क्या हुआ, इसकी सही जानकारी परिवारों को भी नहीं दी जा रही है। उन्होंने इसे एक साजिश बताते हुए कहा कि सच्चाई केवल निष्पक्ष जांच से ही सामने आएगी।

SCROLL FOR NEXT