दक्षिण 24 परगना : डायमंड हार्बर में धारदार हथियार से एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम शमीम हुसैन मोल्ला है। वहीं, मृतक की पहचान सरिषा निवासी जीनअली मोल्ला के रूप में हुई थी। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात पुलिस ने अभियान चलाकर उसके एक रिश्तेदार के घर से अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। हत्या की घटना के बाद से ही जांच अधिकारी अभियुक्त शमीम की तलाश में जुटे थे। आखिरकार, गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार रात पुलिस ने उसके एक रिश्तेदार के घर पर छापेमारी की और वहीं से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारियों का अनुमान है कि इस हत्याकांड में कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर अन्य अभियुक्तों का पता लगाने की कोशिश करेगी। इसके साथ ही हत्या के पीछे की वजह का भी पता लगाया जाएगा। वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार की बरामदगी के लिए भी पुलिस तलाशी अभियान चलाएगी।