दक्षिण 24 परगना : चित्रकला (ड्राइंग) सिखाने के नाम पर दो नाबालिग बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। यह घटना दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर नगरपालिका क्षेत्र की है। घटना के प्रकाश में आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले में परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम प्रबीर हालदार है, जो क्षेत्र में भाजपा के नेता के रूप में जाना जाता है। पीड़ित परिवार के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रबीर अपने घर पर ही चित्रकला की क्लास चलाता था। दोनों नाबालिग बच्चियां हर रविवार को उसके पास ड्राइंग सीखने जाती थीं। परिजनों का आरोप है कि आरोपी शिक्षक काफी समय से बच्चियों का यौन उत्पीड़न कर रहा था। डर के कारण बच्चियों ने यह बात अपने परिजनों को नहीं बताई थी। जैसे ही घटना का खुलासा हुआ, स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी के घर का घेराव कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रबीर को हिरासत में लेकर थाने आई, जहां परिजनों की शिकायत पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज, राजनीति गरमाई पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के भाजपा से जुड़े होने के कारण इस घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है।