सांसद ‌अभिषेक बनर्जी 
कोलकाता सिटी

डायमंड हार्बर में गंगातट सुन्दरीकरण परियोजना में करोड़ों की हेराफेरी का आरोप

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : डायमंड हार्बर में गंगातट के सुन्दरीकरण के लिए शुरू की गई परियोजना में लेकर करोड़ों रुपये की कथित हेराफेरी का आरोप सामने आया है। भाजपा नेता अभिजीत दास (बॉबी) ने कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए डायमंड हार्बर थाने और दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन के पास लिखित शिकायत दर्ज कराकर मामले की विस्तृत जांच की मांग की है। शिकायत में सांसद अभिषेक बनर्जी की कथित भूमिका की भी जांच की मांग की गई है। अभिजीत उर्फ बॉबी का आरोप है कि वर्ष 2017 में अभिषेक बनर्जी के निर्देश पर राज्य सरकार ने गंगातट के सुन्दरीकरण की बड़ी परियोजना शुरू की थी। इसके लिए राज्य पर्यटन विभाग ने लोक निर्माण विभाग को 7 करोड़ 17 लाख रुपये आवंटित किए थे। आरोप है कि परियोजना शुरू होने के दो वर्षों के भीतर डायमंड हार्बर एसडीओ ग्राउंड के पास 117 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे हुगली नदी के करीब 250 मीटर लंबे तटबंध का हिस्सा नदी में समा गया।भाजपा नेता का दावा है कि परियोजना का काम वैज्ञानिक तरीके से नहीं होने के कारण तटबंध को भारी नुकसान पहुंचा। इसके बाद राज्य सरकार ने उसकी मरम्मत पर करीब 16 करोड़ रुपये खर्च किए। भाजपा नेता के मुताबिक, परियोजना से जुड़ी एक निजी कंपनी ने करीब ढाई करोड़ रुपये के बकाये के लिए हाई कोर्ट का रुख किया था। उनका आरोप है कि आंशिक भुगतान के अलावा कंपनी को पूरी राशि नहीं मिली और मार्च 2023 में परियोजना को रद्द कर दिया गया। भाजपा नेता ने सरकारी धन की कथित हेराफेरी में शामिल लोगों की पहचान तथा अभिषेक और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच के लिए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT